देवघर : झारखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा बैद्यनाथ धाम में दानपेटी खोलने के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दानपेटी से भारतीय मुद्रा के साथ-साथ अमेरिकी डॉलर, यूरो और नेपाली करेंसी के अलावा पहली बार पाकिस्तानी मुद्रा भी बरामद हुई है। मिली पाकिस्तानी करेंसी की कीमत करीब 100 रुपये बताई जा रही है।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, नियमित प्रक्रिया के तहत जब दानपेटी खोली गई, तब गिनती के दौरान यह विदेशी मुद्राएं सामने आईं। हालांकि विदेशी मुद्रा मिलना आम बात है, क्योंकि यहां देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं, लेकिन पाकिस्तानी करेंसी का मिलना पहली बार दर्ज किया गया है।
इस घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है कि यह मुद्रा मंदिर तक कैसे पहुंची और इसके पीछे कोई संदिग्ध गतिविधि तो नहीं है।
मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह करेंसी किसी श्रद्धालु द्वारा अनजाने में डाली गई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं।
गौरतलब है कि बाबा बैद्यनाथ धाम देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों में से एक है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सतर्कता बढ़ा दी है।