कपाली में युवक पर चापड़ से हमला, दानिश गंभीर रूप से घायल

कपाली ओपी क्षेत्र के बड़गाछ के समीप गुरुवार को एक युवक पर चापड़ से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में दानिश नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

Trulli

 

स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल दानिश को तुरंत टीएनबी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल गंभीर बनी हुई है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रेहान नामक युवक द्वारा चापड़ से हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, हमले के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है और इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

 

घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, घायल युवक के परिजनों ने भी पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना के कारणों का खुलासा किया जाएगा।