बोकारो: रामनवमी के अवसर पर निकली शोभायात्रा के दौरान बोकारो जिले में बड़ा हादसा हो गया। पेटरवार थाना क्षेत्र के खेतको गांव में अखाड़ा मिलन के दौरान महाबीरी पताका हाई टेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

इस घटना में कुल 6 लोग झुलस गए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को पहले नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जुलूस के दौरान पताका काफी ऊंचा था, जो ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन तार से टकरा गया। इसके बाद अचानक करंट फैल गया और आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।