जमशेदपुर में लावारिस स्कूटी मामला: नदी में कूदने की आशंका निकली गलत, युवक साकची में मिला

जमशेदपुर: सोनारी स्थित डोयो पुल पर मंगलवार देर रात लावारिस हालत में मिली स्कूटी के मामले में बुधवार को नया मोड़ सामने आया है। जिस युवक के सुवर्णरेखा नदी में कूदने की आशंका जताई जा रही थी, वह पूरी रात साकची क्षेत्र में ही मौजूद था।

Trulli

 

मिली जानकारी के अनुसार, परसुडीह के गोलमाहाड़ी निवासी 26 वर्षीय अविनाश कुमार की प्लेजर स्कूटी, मोबाइल फोन और चाबी मंगलवार रात करीब 11 बजे डोयो पुल पर लावारिस हालत में मिली थी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और अविनाश के नहीं मिलने पर आशंका जताई गई कि उसने नदी में छलांग लगा दी है।

 

इसके बाद पुलिस, परिजन और स्थानीय लोगों ने रातभर टॉर्च की रोशनी में सुवर्णरेखा नदी के आसपास उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। हालांकि, सुबह होते ही मामले ने नया मोड़ ले लिया।

 

बताया जा रहा है कि अविनाश पूरी रात साकची गुरुद्वारा के पास एक किराए के कमरे में ठहरा हुआ था। सुबह कमरे के मालिक ने परिजनों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद उसके मामा टिंकू, जो सोनारी निवासी हैं, उसे अपने साथ घर ले गए।

 

परिजनों के अनुसार, अविनाश पिछले कुछ समय से पारिवारिक तनाव से गुजर रहा था। वह गोविंदपुर में अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहा था और दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया।

 

फिलहाल युवक सुरक्षित है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।