प्यार किया तो निभाया : हादसे के बाद मंगेतर व्हील चेयर पर फिर भी श्रेया ने रचाई शादी

Jharkhand: कांके रोड निवासी अभिमन्यु जब प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, उसी समय उनकी दोस्ती अपनी भाभी की छोटी बहन श्रेया से हुई। करीब 20 साल पहले वर्ष 2004 में हुई यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में तब्दील हो गई। दोनों के परिवार ने भी हामी भर दी। दोनों परिवार के सदस्य धूमधाम से शादी की तैयारी में जुट गए। लेकिन इसी दौरान एक ऐसा हादसा हुआ कि दोनों की प्रेम कहानी का खात्मा तय हो गया।

 

दरअसल, शादी की तैयारी के दौरान वर्ष 2006 में अभिमन्यु पूरे परिवार के साथ दिल्ली से मथुरा जा रहे थे। इस दौरान अचानक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस दुर्घटना में अभिमन्यु की मां-पिता और एक बहन की मौके पर ही मौत हो गई। अभिमन्यु की जान बच गई, लेकिन उनका स्पाइनल कॉर्ड पूरी तरह डैमेज हो गया। जिंदगी तो बच गई, लेकिन अपना ही शरीर बोझ बन गया। वे बेड पर आ गए।

 

इस अवस्था में जहां लोग मानसिक रूप से हार जाते हैं, वहीं अभिमन्यु ने अपने प्रेम को सहारा बना लिया। क्योंकि, उनकी प्रेयसी श्रेया उनके लिए इतनी समर्पित थी कि कोई मर्यादाएं, बाधाएं उन्हें नहीं रोक सकीं। श्रेया ने अभिमन्यु से मुलाकात की और हिम्मत दी कि वह दुबारा अपने पैरों पर खड़े होंगे। अंतिम सांस तक वह उनके लिए खड़ी रहेगी। बस यही वो शब्द थे, जिसने अभिमन्यु को नई ऊर्जा दी। वे फिर से ठीक होने लगे। बेड से ह्वील चेयर पर आए, फिर धीरे-धीरे चलने लगे और दोनों ने शादी की।