गोलमुरी में महिला की गला रेतकर निर्मम हत्या, पति पर शक – पुलिस ने शुरू की तलाश

जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र की नामदा बस्ती में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां 32 वर्षीय मनीषा कौर की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना का खुलासा तब हुआ जब परिजनों ने कमरे में पलंग पर उसका खून से सना शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

Trulli

 

सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक जांच में पाया गया कि मनीषा की हत्या किसी तेज धारदार हथियार से की गई है। वारदात के बाद से मनीषा का पति गुरप्रीत सिंह लापता है, जो इस घटना के बाद से ही फरार बताया जा रहा है।

 

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मनीषा और गुरप्रीत ने नौ साल पहले प्रेम विवाह किया था। हालांकि शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच घरेलू विवाद और तनाव की खबरें सामने आती रही थीं। कई बार आपसी झगड़े की शिकायतें पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने भी सुनी थीं।

 

फिलहाल पुलिस ने गुरप्रीत सिंह की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल से कुछ अहम सुराग भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि “हत्या का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका लग रही है। पति की गिरफ्तारी के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।” मनीषा की मौत से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय महिलाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और आरोपी को जल्द पकड़ने की मांग की है।