राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में इन दिनों तेज धूप से आमजन परेशान हैं। लगातार बढ़ रहे तापमान ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। शनिवार को राजधानी रांची में अब तक का सर्वाधिक 39.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि पूरे राज्य में सर्वाधिक तापमान डॉल्टेनगंज का 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। तापमान का स्तर लगातार बढ़ता ही जा रहा है।

वहीं, दूसरी ओर मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी पूर्वानुमान में राहत के आसार दिख रहे हैं। बताया गया है कि 27 अप्रैल को निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी के अलावा उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा और साहिबगंज के अलावा दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा के चलने की संभावना है।
साथ ही बिजली गिरने और ओलावृष्टि को लेकर भी आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 28 अप्रैल को उत्तर पश्चिमी हिस्से यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा के बहने और कहीं-कहीं बिजली गिरने को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।