Jamshedpur: कदमा में फायरिंग कांड का खुलासा: हिस्ट्रीशीटर राजेश लोहार मास्टरमाइंड, दो आरोपी फरार, पुलिस ने चार को भेजा जेल

जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर में 10 जून को हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। सिटी एसपी द्वारा शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया गया कि इस घटना का मुख्य आरोपी राजेश लोहार एक हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ कदमा थाने के अलावा सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर और आरआईटी थानों में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Trulli

तीन लोगों को बनाया था निशाना

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने फायरिंग के दौरान केवल समीर नाग ही नहीं, बल्कि सन्नी गुप्ता और विकास तांती को भी निशाना बनाया था। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को गोली नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।

चार आरोपी गिरफ्तार, हथियार और गोलियां बरामद

गिरफ्तार आरोपियों में रामजनम नगर रोड नंबर 11 निवासी आशु कर्मकार (20), राजेश लोहार (35), विशाल कर्मकार और शुभम लोहार उर्फ शिवम लोहार शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक हथियार और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

सिटी एसपी ने किया खुलासा

प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ने बताया कि यह मामला आपसी रंजिश और पुरानी दुश्मनी से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपियों के पास हथियार कहां से आए।

छापेमारी टीम की सक्रिय भूमिका

इस पूरे मामले के खुलासे में कदमा थाना पुलिस की टीम ने अहम भूमिका निभाई। छापेमारी टीम में थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव, एसआई कौशलेंद्र कुमार ठाकुर, दीपक कुमार महतो, मंटू कुमार, भोला राणा, अमीर हमजा, एएसआई तसौव्वर हुसैन, हवलदार वरूण महतो और आरक्षी सिदिउ तैसुम शामिल थे।

इलाके में दहशत, पुलिस की सख्ती जारी

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही पूरे मामले का पूरी तरह खुलासा होने की उम्मीद है।