सऊदी अरब में पुलिस-बदमाश मुठभेड़ में झारखंड के युवक की मौत, परिजनों में मातम

गिरिडीह/रियाद: सऊदी अरब से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां पुलिस और बदमाशों के बीच हुई गोलीबारी में झारखंड के गिरिडीह जिले का एक युवक मारा गया। मृतक की पहचान डुमरी प्रखंड के रहने वाले विजय कुमार महतो (26 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई जब सऊदी पुलिस अपराधियों के एक गिरोह को पकड़ने गई थी और वहां अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। इसी दौरान गोली लगने से विजय की मौके पर ही मौत हो गई।

Trulli

 

परिजनों के अनुसार, विजय करीब तीन साल पहले रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गया था। वह वहां एक निजी कंपनी में काम करता था। हर महीने वह घर पैसे भेजता था और परिवार का मुख्य सहारा था। विजय की मौत की खबर मिलते ही गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड स्थित उसके गांव में मातम छा गया है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

इस बीच, झारखंड के श्रम विभाग ने सऊदी अरब में भारतीय दूतावास से संपर्क किया है और विजय के शव को जल्द से जल्द भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि दूतावास से औपचारिक अनुमति और आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि अगले कुछ दिनों में विजय का पार्थिव शरीर झारखंड लाया जा सकेगा।

 

गांव के लोगों ने राज्य सरकार से परिवार को मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है। डुमरी के स्थानीय प्रतिनिधियों ने भी इस मामले में जिला प्रशासन से हस्तक्षेप करने की अपील की है।

 

विजय की मौत ने फिर एक बार यह सवाल खड़ा कर दिया है कि विदेशों में काम करने गए भारतीय मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सरकारों को और ठोस कदम उठाने की जरूरत है। बताया जा रहा है कि सऊदी अरब जैसे खाड़ी देशों में हजारों झारखंडी युवक रोज़गार के लिए काम कर रहे हैं और कई बार ऐसी अप्रत्याशित घटनाओं में उनकी जान चली जाती है।