Ranchi: झारखंड में बच्चियों से दुष्कर्म और उनके खिलाफ यौन अपराध की वारदातें थम नहीं रही हैं। रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के स्वर्ण जयंती नगर में चार साल की एक बच्ची से दुष्कर्म के मामले में उसकी मां के बयान पर रविवार को एफआईआर दर्ज हुई है। आरोपी मौके से फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। महिला थाना प्रभारी ने पीड़ित बच्ची का भी बयान दर्ज किया है। उसकी मेडिकल जांच कराई गई है।
रांची में 4 साल की बच्ची से रेप
पुलिस के अनुसार, शनिवार की रात बच्ची की मां घर के कामकाज में व्यस्त थी और बच्ची वहीं खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला व्यक्ति वहां पहुंचा। वह बच्ची को बहला-फुसला कर अपने कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची रोते हुए लौटी तो घटना की जानकारी सामने आई।
आरोपी की जमकर पिटाई, लेकिन फरार
बच्ची के परिजनों ने आरोपी के घर पहुंचकर उसकी पिटाई भी की। पुलिस को घटना की सूचना दी गई, लेकिन आरोपी पुलिस के पहुंचने के पहले किसी तरह भागने में सफल रहा। पुलिस ने रविवार को जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल का लोकेशन बिहार पाया है। पुलिस की एक टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए बिहार रवाना हुई है।
झारखंड विधानसभा में भी उठा मुद्दा
इस वारदात को लेकर झारखंड की विधानसभा के चालू सत्र में भी मामला उठा। तीन दिन पूर्व बोकारो में एक नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। हैरानी की बात यह है कि इस वारदात में बच्ची की मां और उसके प्रेमी की संलिप्तता सामने आई थी।