जमशेदपुरः राजधानी नई दिल्ली में हुए साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दिल्ली पुलिस ने पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत इचड़ा गांव से एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज भकत के रूप में हुई है। वहीं, इस मामले में जमशेदपुर के सीतारामडेरा निवासी आकाश कुमार कालिंदी को भी हिरासत में लिया गया है।

बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों पर दिल्ली के एक व्यक्ति से करीब 7 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। मामले की शुरुआत 16 मार्च को हुई थी, जब पश्चिमी दिल्ली के साइबर थाने में पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और डिजिटल ट्रेल के जरिए जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान जादूगोड़ा निवासी राज भकत और जमशेदपुर के आकाश कुमार कालिंदी के रूप में हुई।
इसके बाद दिल्ली पुलिस की विशेष टीम जमशेदपुर और जादूगोड़ा पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से इचड़ा गांव में छापेमारी कर राज भकत को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को घाटशिला अनुमंडल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड की अनुमति मिली।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दिल्ली पुलिस आरोपी को अपने साथ दिल्ली ले गई है, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह बड़े स्तर पर सक्रिय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और मामले में आगे और गिरफ्तारियों की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।