जमशेदपुर के एग्रिको में खौफनाक वारदात: एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या, इलाके में सनसनी

जमशेदपुर: एग्रिको के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित रोड नंबर-2 के क्वार्टर संख्या L3-13 में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर के अंदर से एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में एक वृद्ध महिला, एक युवक और एक महिला शामिल हैं।

Trulli

 

घटना की सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस की सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पूरे घर को अपने कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, वहीं इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृत महिला की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी और वह गर्भवती बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक परिवार के मुखिया पर ही अपनी पत्नी, बेटे और बेटी की टांगी से हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर किसी की गिरफ्तारी या पुष्टि नहीं की है।

 

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल के बाहर जुट गए। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश जारी है।