एग्रिको ट्रिपल मर्डर से दहला जमशेदपुर: पारिवारिक तनाव में पिता बना अपनों का कातिल

जमशेदपुर: एग्रिको में हुए दिल दहला देने वाले ट्रिपल मर्डर मामले ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एक क्वार्टर में हुई इस वारदात में आरोपी रवींद्र ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

Trulli

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से आर्थिक परेशानियों और पारिवारिक जिम्मेदारियों को लेकर तनाव में था। रिटायरमेंट के बाद भविष्य की चिंता, बच्चों की शादी और घर की जिम्मेदारियों ने उसकी मानसिक स्थिति को प्रभावित कर दिया था।

 

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि रविवार सुबह उसने सबसे पहले अपनी पत्नी पर हमला किया। इसके बाद उसने अपने दोनों बच्चों की भी जान ले ली। वारदात के बाद उसने खुद की जान लेने की भी कोशिश की, लेकिन वह बच गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी को हिरासत में लेकर लगातार पूछताछ की जा रही है।

 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी की मानसिक स्थिति और पारिवारिक हालात की भी पड़ताल की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और भय का माहौल है।