खाड़ी तनाव का असर: जमशेदपुर समेत कोल्हान में पेट्रोल-डीजल संकट, पंपों पर लंबी कतारें

जमशेदपुर : खाड़ी देशों में जारी तनाव का असर अब झारखंड में भी दिखाई देने लगा है। जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की किल्लत गहराने लगी है। बुधवार को शहर के कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Trulli

 

जानकारी के अनुसार, ईंधन आपूर्ति बाधित होने के कारण कई पेट्रोल पंपों ने अस्थायी रूप से बिक्री बंद कर दी है। कुछ पंपों पर केवल पेट्रोल उपलब्ध है, जबकि कई स्थानों पर सिर्फ डीजल मिल रहा है। अचानक आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों में चिंता बढ़ गई है और बड़ी संख्या में वाहन चालक ईंधन भरवाने के लिए पंपों पर पहुंच रहे हैं।

 

सुबह से ही शहर के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर कार, बाइक और व्यावसायिक वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं। कई लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कुछ जगहों पर पंप कर्मचारियों और स्थानीय प्रशासन को व्यवस्था संभालनी पड़ी।

 

व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि यदि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो माल ढुलाई और रोजमर्रा की सेवाओं पर असर पड़ सकता है। वहीं आम लोगों में भी यह डर बना हुआ है कि आने वाले दिनों में संकट और बढ़ सकता है।

 

तेल कंपनियों की ओर से फिलहाल स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है, हालांकि लोगों से अपील की गई है कि घबराहट में जरूरत से ज्यादा ईंधन की खरीदारी न करें।