Jamshedpur Crime Breaking: टेल्को में चापड़ से हमला, लापता युवक सोहेल की निर्मम हत्या, शव नीलडीह क्लब के पीछे बरामद

जमशेदपुर: शहर में अपराध की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। टेल्को थाना क्षेत्र में रविवार को अज्ञात अपराधियों द्वारा चापड़ से किए गए हमले के बाद लापता बताए जा रहे युवक मोहम्मद सोहेल की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सोहेल का शव गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नीलडीह क्लब के पीछे झाड़ियों से बरामद किया गया, जिसकी हालत बेहद भयावह बताई जा रही है।

Trulli

 

पुलिस के अनुसार, सोहेल की निर्मम तरीके से हत्या की गई है। शव पर गंभीर जख्मों के निशान हैं और उसका गर्दन व हाथ कटा हुआ मिला है, जिससे हत्या की बर्बरता साफ झलकती है। शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया।

 

सूचना मिलते ही गोलमुरी और टेल्को थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि इस घटना में गंभीर रूप से घायल युवक अब्दुल सूफियान, जिसका इलाज एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर में चल रहा है, ने पुलिस के साथ मिलकर शव की तलाश में अहम भूमिका निभाई। उसी की निशानदेही पर नीलडीह क्लब के पीछे झाड़ियों से शव बरामद किया गया, जिससे पुलिस को जांच में नई दिशा मिली है।

 

मृतक मोहम्मद सोहेल जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत खजांची मोहल्ला का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से लापता था, जिसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

पुलिस ने घटनास्थल और शव मिलने वाली जगह से कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर गहन जांच में जुटी हुई है।

 

फिलहाल पूरे मामले को लेकर इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।