पत्नी को चाहिए थी हाई हील, पति ने किया इग्नोर तो थाने पहुंचा मामला

शादी के बाद अक्सर छोटी-मोटी बातों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो जाता है, लेकिन कभी-कभी ये झगड़े बड़े रूप ले लेते हैं। ऐसा ही एक मामला यूपी के आगरा से सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति के खिलाफ थाने में केस दर्ज करा दिया। महिला का आरोप था कि उसे हाई हील सैंडल पहनने का शौक है, लेकिन उसके पति ने उसकी इस डिमांड को अनसुना कर दिया। कई बार कहने के बाद भी जब पति ने उसे हाई हील सैंडल नहीं दिलाई, तो महिला ने पुलिस का दरवाजा खटखटा दिया।

 

जानकारी के अनुसार, 2024 में आगरा में एक युवक और युवती की शादी हुई थी। शादी के बाद दोनों खुशी-खुशी जीवन व्यतीत कर रहे थे। महिला को बचपन से ही हाई हील सैंडल पहनने का शौक था, लेकिन मायके में यह शौक पूरा नहीं हो पाया था। फिर उसने अपने पति से सैंडल लाने की बात की। कुछ समय बाद, पति ने अपनी पत्नी के लिए हाई हील सैंडल खरीदकर दी। लेकिन एक दिन महिला ने वही सैंडल पहनकर गिरकर चोट खा ली। पत्नी के चोटिल होने से पति नाराज हो गया और उसने दोबारा हाई हील सैंडल पहनने से मना कर दिया।

 

इसके बाद, पत्नी ने अपनी जिद नहीं छोड़ी और टूटे हुए सैंडल की जगह नए हाई हील सैंडल की मांग की, लेकिन पति ने फिर से मना कर दिया। इसके चलते दोनों के बीच विवाद बढ़ गया, और मामला मारपीट तक पहुंच गया। गुस्साई पत्नी कुछ दिन बाद अपने मायके चली गई और फिर थाने में जाकर पति के खिलाफ केस दर्ज करा दिया।

 

पुलिस को जब मियां-बीवी के झगड़े की वजह का पता चला, तो उसने भी माथा पकड़ लिया। इस मामले को पुलिस ने परिवार परामर्श केंद्र में ट्रांसफर कर दिया, जहां दोनों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया। काउंसलर ने दोनों की बातें सुनी और फिर उनका विवाद सुलझाया। यह मामला यह दिखाता है कि कभी-कभी छोटी-छोटी बातों को लेकर बड़े विवाद हो सकते हैं, लेकिन सही मार्गदर्शन और समझ से इनका हल निकाला जा सकता है।